Petrol-Diesel Shock: देश में एक बार फिर महंगाई ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद अब CNG और सोने की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और पश्चिम एशिया में तनाव को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है।
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत पहले करीब ₹94.77 प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर ₹97.77 प्रति लीटर पहुंच गई है। यानी करीब ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। वहीं डीजल पहले ₹87.67 प्रति लीटर मिल रहा था, जो अब ₹90.67 प्रति लीटर हो गया है। तेल कंपनियों ने लगभग चार साल बाद इतनी बड़ी बढ़ोतरी की है।
CNG उपभोक्ताओं को भी बड़ा झटका लगा है। दिल्ली में CNG पहले करीब ₹77.09 प्रति किलो थी, जो अब ₹79.09 प्रति किलो हो गई है। मुंबई में भी CNG के दाम ₹82 से बढ़कर ₹84 प्रति किलो पहुंच गए हैं। इसका असर ऑटो, टैक्सी और बस किराए पर भी पड़ सकता है।
सोने की कीमतों में भी रिकॉर्ड तेजी देखने को मिल रही है। 10 ग्राम सोना पहले लगभग ₹1.38 लाख के आसपास चल रहा था, जो अब बढ़कर करीब ₹1.41 लाख के पार पहुंच गया है। सरकार द्वारा सोने पर आयात शुल्क बढ़ाने और वैश्विक अनिश्चितता के चलते बाजार में तेजी बनी हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंचे स्तर पर बनी रहीं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल और महंगे हो सकते हैं। वहीं परिवहन लागत बढ़ने से खाने-पीने और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
विपक्ष ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया है। दूसरी ओर सरकार का कहना है कि वैश्विक हालात को देखते हुए कीमतों को पूरी तरह नियंत्रित रखना आसान नहीं है।
