UP Police Constable: उत्तर प्रदेश पुलिस के एक कांस्टेबल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसने लखनऊ कमिश्नरेट समेत प्रदेश के कई जनपदों में भ्रष्टाचार और कथित “वसूली व्यवस्था” चलने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का जवान बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग कर रहा है।
जानकारी के अनुसार वीडियो में बोलने वाले कांस्टेबल का नाम सुनील कुमार शुक्ला बताया जा रहा है, जो लखनऊ कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात है। कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि ड्यूटी लगाने के बदले सिपाहियों और दीवानों से कथित तौर पर 2000 रुपये तक की वसूली की जाती है। उसका दावा है कि यह पूरा सिस्टम सुनियोजित तरीके से संचालित किया जाता है।
Video
वीडियो में कांस्टेबल ने कहा कि वसूली की रकम पहले गणना प्रभारी द्वारा एकत्र की जाती है, जिसके बाद हिस्सा काटकर रकम रिजर्व इंस्पेक्टर तक पहुंचाई जाती है और फिर ऊपर के अधिकारियों तक पैसा भेजा जाता है। कांस्टेबल ने इसे “भ्रष्टाचाररूपी जमींदारी व्यवस्था” बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्त पुलिसकर्मियों का ही शोषण किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक विभागीय स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं यह भी चर्चा है कि वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित कांस्टेबल पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है और उसे निलंबित किया जा सकता है।
हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। लेकिन वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अंदरूनी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे पुलिस विभाग के अंदर व्याप्त भ्रष्टाचार का गंभीर संकेत बता रहे हैं।
