लखनऊ: माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप तथा माननीय पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व में पंचायती राज विभाग प्रदेश की ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार ठोस और प्रभावी कदम उठा रहा है। इसी क्रम में ग्राम स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत करते हुए एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया है।
लखनऊ की दो ग्राम पंचायतों में शुरू हुई आधार सेवाएं
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सरोजनीनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत भटगनवां पांडेय तथा चिनहट ब्लॉक की सैरपुर ग्राम पंचायत में आधार सेवाओं का शुभारंभ कर दिया गया है। इन दोनों ग्राम पंचायतों में अब तक 40 से अधिक ग्रामीण नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और उन्हें अब आधार से जुड़े कार्यों के लिए शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
पंचायत स्तर पर नागरिक सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
ग्राम पंचायत स्तर पर आधार सेवाओं की यह पहल नागरिक सेवाओं को सहज, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। विभाग की योजना के अनुसार पहले चरण में प्रदेश की 1000 ग्राम पंचायतों में आधार सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी। इसके बाद इस योजना को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश की सभी 57,694 ग्राम पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा।
पंचायत सहायकों को दिया जा रहा व्यापक प्रशिक्षण
इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायती राज विभाग द्वारा पंचायत सहायकों का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। अब तक 800 से अधिक पंचायत सहायकों को प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि शेष पंचायत सहायकों का प्रशिक्षण कार्य प्रगति पर है। प्रशिक्षित पंचायत सहायक ग्राम स्तर पर डिजिटल सेवाओं के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाएगी यह पहल: ओमप्रकाश राजभर
इस अवसर पर माननीय पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि ग्राम स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह पहल न केवल समय और संसाधनों की बचत करेगी, बल्कि ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
पंचायतें बनेंगी नागरिक सेवा केंद्र: अमित कुमार सिंह
निदेशक, पंचायती राज विभाग अमित कुमार सिंह ने कहा कि पंचायती राज विभाग ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आधार सेवाओं की यह शुरुआत ग्राम पंचायतों को नागरिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। आने वाले समय में इसका लाभ प्रदेश के प्रत्येक गांव तक पहुंचेगा।
डिजिटल इंडिया के संकल्प की ओर मजबूत कदम
ग्राम पंचायत स्तर पर आधार सेवाओं की यह पहल डिजिटल इंडिया और सशक्त पंचायतों के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सफल, प्रभावी और प्रेरणादायक शुरुआत के रूप में देखी जा रही है।
