Holi 2025: मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में होली के दिन उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब प्रेम और भाईचारे के इस त्योहार पर रंगों की जगह गोलियां बरसने लगीं। होली खेलने के दौरान गले मिलने से इनकार करने पर नाराज युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। इस गोलीबारी में एक बिजली कर्मी और भाजपा के बूथ अध्यक्ष घायल हो गए। बिजली कर्मी की जांघ में और भाजपा नेता के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, वहीं इस हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
होली खेलने के बाद बुलाया और फिर चलाई गोली
घटना वीर शाह हजारी इलाके की है, जहां अक्षय गुप्ता (पुत्र पंकज गुप्ता) होली खेलकर घर लौटे थे। इसी दौरान मोहल्ले के चार युवकों ने उन्हें घर से बाहर बुलाया। बातचीत के दौरान मोहल्ले का ही अभिषेक उर्फ छोटू अचानक तमंचा लेकर वहां पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली सीधे अक्षय की जांघ में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि अभिषेक भाजपा के बूथ अध्यक्ष संजय कुमार आर्य (पुत्र राम गोपाल आर्य) से होली खेलने और गले मिलने आया था, लेकिन जब संजय ने गले मिलने से इनकार कर दिया तो वह नाराज हो गया। गुस्से में वह घर गया और तमंचा लेकर वापस आया, जिसके बाद उसने अक्षय पर फायरिंग कर दी।
बचाव करने आए भाजपा नेता पर भी हमला
उत्तर प्रदेश : जिला मुरादाबाद में छोटू ठाकुर ने अक्षय गुप्ता को पिस्टल से गोली मार दी। अक्षय नहा चुका था, इसलिए उसने छोटू से होली खेलने से मना कर दिया था। pic.twitter.com/uqmBQaoocR
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) March 14, 2025
जब संजय कुमार आर्य ने अभिषेक को रोकने की कोशिश की तो उसने उन्हें भी निशाना बनाया। अभिषेक ने संजय के सिर पर तमंचे की बट से वार कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई, लेकिन इसके पहले कि कोई कुछ कर पाता, अभिषेक तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना कटघर प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपित की तलाश के लिए टीम गठित कर दी है।
क्या बोले पीड़ित?
घायल अक्षय गुप्ता ने बताया कि उसे समझ नहीं आ रहा कि आखिर उसे गोली क्यों मारी गई। उसका किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही किसी से कोई पुरानी रंजिश थी। उसने बताया कि मोहल्ले के चार युवकों ने उसे बाहर बुलाया और बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक फायरिंग कर दी गई। दूसरी ओर, अस्पताल में भर्ती भाजपा नेता संजय कुमार आर्य ने बताया कि अभिषेक शराब के नशे में था और होली के दौरान लोगों से बदतमीजी कर रहा था। जब संजय ने उसे गले मिलने से मना किया और घर जाने को कहा, तो उसने गुस्से में आकर यह हमला कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
गोली लगने से अक्षय गुप्ता के घर में कोहराम मच गया। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और लोग त्योहार के दिन हुई इस हिंसा से स्तब्ध हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि अक्षय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस ने हमलावर की तलाश तेज कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
अंबेडकर नगर: होलिका दहन पर किछौछा ईओ का स्वागत, बसखारी में पुलिस ने की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
अंबेडकर नगर: होलिका दहन पर किछौछा ईओ का स्वागत, बसखारी में पुलिस ने की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था